मैंने प्यार किया, मुझसे शादी करोगी, वाटेंड और दबंग जैसी फिल्मों में काम करने के अलावा फुटपाथ पर सोते हुए लोगों को अपनी कार से कुचलने की वजह से सलमान खान को हर कोई जानता है। सलमान का अपना एक दर्शक वर्ग है और यह वर्ग सलमान के नंगे बदन को देखकर सिसकारियां लेता है। लार टपकाता है और तालियां बजाता है। अभी दो रोज पहले ही गलती से मैं इंडिया टीवी देख बैठा। भूत-प्रेत की खबरें दिखाने वाले इस चैनल में श्रीमान रजत शर्मा साहब मल्लिका शेरावत का इंटरव्यूह कर रहे थे। रजत साहब ने अपने सिर के नंगेपन को छिपाते हुए मल्लिका से पूछा- आपके कपड़े कम क्यों होते जाते हैं। जवाब में मल्लिका ने बताया कि ईश्वर ने उसे खूबसूरत बदन दिया है। फलस्वरूप वह ईश्वर द्वारा दिए गए तोहफे का सम्मान करते हुए अपने बदन की नुमांइश करती है। शायद मल्लिका का कहना ठीक हो क्योंकि ईश्वर के इस प्रसाद को हर कोई प्राप्त करना चाहता है। इसी इंटरव्यूह में मल्लिका से यह पूछा गया कि आप किस हीरो के साथ काम करना चाहेंगी। जवाब में मल्लिका ने बताया कि उसे सलमान के साथ काम करके खुशी होगी क्योंकि सलमान और उनका स्वभाव मिलता-जुलता है। सलमान भी अपनी शर्ट उतारकर फेंकने पर यकीन रखते हैं और कपड़ों के मामले में वह भी.......
खैर... मैं यहां सलमान की बात इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मंगलवार 26 अक्टूबर की शाम हमारे छत्तीसगढ़ में बदन उघांडू सलमान खान का आगमन हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से अभी यह दावा सामने नहीं आया है कि उसने विधिवत तरीके से सलमान को बुलाया है या नहीं क्योंकि यह पता चला कि उसके आने-जाने का व्यय सरकार को वहन नहीं करना पड़ रहा है । सलमान एक एक निजी कंपनी के खर्चें पर यहां प्रारंभ होने वाले राज्योत्सव में पधार रहे हैं। उनके आगमन को लेकर काफी तैयारियां की गई है। शहर के चप्पे-चप्पे में पुलिस तैनात है। पूरा शहर दो हिस्सों में बंट गया है। एक हिस्से में लग रहा है कि उधमपात मचाने वाले लोग एक जगह इक्कठा हो रहे हैं तो दूसरी ओर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दंगे के बाद सड़कें विधवा की मांग की तरह सूनी हो गई है। लफंडर सलमान खान को देखने में मेरी कोई रूचि नहीं है लेकिन दोपहर जब मैं एक सरकारी दफ्तर में कार्यरत अपने मित्र से मिलने गया तो उसने मुझसे एक विशेष प्रवेश पत्र की मांग की। मित्र के जरिए ही मुझे पता चला कि सलमान की एक झलक पाने के लिए सरकारी लोगों ने हरा, पीला, नीला और भगवा रंग में तीन- चार तरह का पास जारी किया है। हर कोई सलमान.. सलमान करने में जुटा हुआ है। इस बीच यह जानकारी भी मिली कि सलमान को वीडियोकान नामक कंपनी डेढ़ करोड़ रुपए का भुगतान कर रही है। यदि कंपनी सलमान से किसी एक गाने पर नृत्य करवाना चाहेंगी तो उसका 25 लाख अलग से देना होगा। इस तरह दो गाने पर सलमान 50 लाख रुपए लेंगे। अच्छा है... एक तरफ देश में असंख्य लोग है जिन्हें एक वक्त का खाना नहीं मिलता दूसरी तरफ एक आदमी केवल अपने ठुमके लगाने के ही पचास लाख वसूल रहा है। असमानता की खाई क्यों है और किसलिए है इस पर फिर कभी बात हो सकती है। सबसे ज्यादा हैरत इस बात पर हो रही है कि सलमान को छत्तीसगढ़ निर्माण के एक दशक पूरा करने के अवसर पर बुलाया गया है। छत्तीसगढ़ में यह उत्सव एक सप्ताह तक चलने वाला है। मैं उम्मीद कर रहा था कि किसी एक जगह इस बात की गोष्टी जरूर होगी कि आखिर छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण क्यों हुआ। दस सालों का यह सफर राजनैतिक-सामाजिक और आर्थिक नजरिए से कितना महत्वपूर्ण रहा, लेकिन दुर्भाग्य से कहीं किसी हाल में इस तरह की परिचर्चा का आयोजन नहीं किया जा रहा है। दस सालों में हमारी सफलता यह है कि हम सलमान को बुलाने सफल हो गए। उस सलमान को जिसने मुन्नी को बदनाम नहीं होने देने का ठेका ले रखा है।